
उदित वाणी, जमशेदपुर : सांसद विद्युत वरण महतो ने आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उल्लेखनीय है कि श्री महतो इन दिनों संसदीय समिति के दौरे पर बेंगलुरु में हैं. उन्होंने वहां अन्य पिछड़े वर्गों के कल्याण संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष गणेश सिंह तथा अन्य सांसदों के साथ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया.

इस अवसर पर सांसद महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के अन्याय, अत्याचार और गुलामी के विरुद्ध स्वतंत्रता का उलगुलान किया था. उसी संघर्ष का परिणाम है कि देश को आजादी और झारखंड को अलग राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ. उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के बावजूद बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनना अभी बाकी है.
सांसद महतो ने कहा कि आज के दिन हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को Janajatiya Gaurav Diwas (जनजातीय गौरव दिवस) के रूप में मनाने का निर्णय लिया था, जो जनजातीय समाज के सम्मान और समानता के लिए एक ऐतिहासिक कदम है.

