
उदित वाणी, जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैरेज कॉलोनी में रेलवे की जमीन पर बने आधा दर्जन से ज्यादा नवर्निमित मकानों को जमींदोज कर दिया गया.
रेलवे के विभागीय अधिकारियों को सूचना मिली थी कि रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाने का काम चल रहा है. काम लगभग में पूरा हो गया था. सूचना के बाद रेल मंडल के वरीय अधिकारियों के आदेश पर नवर्निमित मकान को जमींदोज कर दिया गया. कैरेज कॉलोनी से कब्जा हटाओ अभियान के दौरान स्थानीय बर्मामाइंस पुलिस ने भी सहयोग किया.
अभियान के दौरान कोई भी व्यक्ति विरोध करने के लिये नहीं पहुंचा. इस कारण से रेलवे को यह अभियान चलाने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई.
बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी की बात करें तो यहां पर 90 फीसदी से ज्यादा मकान कब्जे की जमीन पर ही बनी हुई है. कुछ जमीन तो रेलवे की है और कुछ सरकारी है. जानकार लोगों का कहना है कि बस्ती में जमीन कब्जाकर बेचने का काम सालोंभर चलता है. इसमें स्थानीय दबंग, रेल अधिकारी और सफेदपोष का भी हाथ है.

