
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही सड़क पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए राहत की पहल की गई है. गुरुवार को साकची स्थित एसएसपी कार्यालय सभागार में एक सादे मगर गरिमामय समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पाण्डेय ने यातायात शाखा में कार्यरत पुलिसकर्मियों को बरसात में उपयोग की जाने वाली सामग्री का वितरण किया.
इस अवसर पर ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार भी मौजूद रहे. एसएसपी पाण्डेय ने कहा कि बारिश के मौसम में भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी शहर की सड़कों पर डटे रहते हैं. उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह जरूरी है कि उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं. वितरण किए गए सामग्री में रेनकोट, वाटरप्रूफ बूट, टोर्च, फ्लोरेसेंट जैकेट, छाता आदि शामिल थे.
एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिस के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी हो या मूसलाधार बारिश, पुलिसकर्मी यातायात संचालन में लगे रहते हैं. उनके इस अनुशासित योगदान से ही शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्थित रहता है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी थानों में कार्यरत ट्रैफिक ड्यूटी में लगे जवानों तक यह सामग्री समयबद्ध रूप से पहुंचे.
ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि कुल 150 ट्रैफिक कर्मियों को यह सामग्री दी जा रही है. उन्होंने बताया कि ट्रैफिक कर्मियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर और भी कदम उठाए जा रहे हैं.
कार्यक्रम में कई ट्रैफिक इंस्पेक्टर, एएसआई और जवान मौजूद थे, जिन्होंने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और बेहतर ड्यूटी करने का संकल्प दोहराया.

