
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत मिर्जाडीह बस स्टैंड पार्किंग (हाट बाजार), डिमना रोड में शुक्रवार को STP के सहयोग से आयोजित नि:शुल्क विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बना गुप्ता तथा मानगो की मेयर सुधा गुप्ता उपस्थित रहीं.
शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपने स्वास्थ्य की जांच कराई. मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श भी प्राप्त किया. ग्रामीणों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई.
विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की जांच
शिविर में नेत्र रोग, हृदय रोग, दंत रोग, बाल रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, मानसिक रोग तथा नशा मुक्ति से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच की गई. इसके साथ ही ओपीडी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर तथा ईसीजी जैसी आवश्यक जांच सुविधाएं भी पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं.
चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया और नियमित जांच तथा सावधानी बरतने की सलाह भी दी.
जरूरतमंदों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच बैसाखी एवं कान की मशीन (हियरिंग एड) का वितरण किया गया. कई बुजुर्गों को सहारे के लिए छड़ी भी प्रदान की गई, जिससे उन्हें चलने-फिरने में सुविधा मिल सके.
इस पहल से लाभान्वित लोगों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया.
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
एक माह का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन का वितरण किया गया. इस पहल को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया.
समाजसेवी मुनमुन चक्रवर्ती ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. ऐसे शिविरों से लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और सही चिकित्सकीय परामर्श मिलता है, जिससे कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पता चल सकता है.
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं. आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

