
- विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर कोल्हान कमिश्नर और कोल्हान डीआईजी ने अंतर्राज्यीय व अंतर जिला प्रशासनिक-पुलिस पदाधिकारियों के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक
- कोल्हान प्रमंडल से सटे सीमावर्ती राज्य पश्चिम बंगाल के तीन जिला, ओड़िशा के तीन जिला तथा झारखंड राज्य के छह जिलों के डीसी, एसएसपी, एसपी एवं उनके प्रतिनिधि हुए शामिल
जमशेदपुरः जमशेदपुर जिला समाहरणालय सभागार में विधानसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और जांच को लेकर बैठक हुई। कोल्हान कमिश्नर हरि कुमार केशरी एवं डीआईजी, मनोज रतन चौथे द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक की। बैठक में विधानसभा चुनाव के दौरान विधि व्यवस्था के बेहतर संधारण को लेकर आपसी समन्वय पर विमर्श किया गया। डीआईजी सीआरपीएफ पूरन सिंह, डीसी अनन्य मित्तल, एसएसपी किशोर कौशल के अलावा सुंदरगढ़, मयूरभंज, क्योंझर (ओड़िशा), पुरूलिया, पश्चिम मेदनीपुर, झाड़ग्राम (प. बंगाल) के डीएम, एसएसपी, एसपी के प्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे। वहीं पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, रांची, खूंटी, सिमडेगा के डीसी व एसपी ऑनलाइन जुड़े।
बैठक में विधानसभा चुनाव के दौरान अंतर्राज्यीय एवं अंतर जिला सीमा पर सुरक्षा और निगरानी के लिए रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में अंतरराज्यीय एवं अंतर जिला सीमा पर कानून व्यवस्था बनाए रखने, अंतर्राज्यीय सीमा से असामाजिक तत्वों एवं चुनाव को प्रभावित करने हेतु शराब, नगदी, ड्रग्स, उपहार की वस्तु आदि अवैध परिवहन पर रोकथाम लगाने के उपायों पर चर्चा की गई। ओड़िशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड राज्य के सीमावर्ती थानों में व्हाट्सएप ग्रुप एवं वायरलेस के माध्यम से सतत संचार कर सूचना का आदान-प्रदान करने पर चर्चा की गई। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी रखने तथा त्वरित कार्रवाई को लेकर निर्देश दिए गए। इसके अलावा वाहनों की आवश्यकता के मद्देनजर पड़ोसी राज्यों और जिला के परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय पर बल दिया गया।
सीमावर्ती क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा करते हुए निगरानी व सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रबंध के बारे में बात रखते हुए विस्तार से जानकारियां साझा की गईं। जिस पर सभी जिलों के डीसी, एसएसपी, एसपी एवं उनके प्रतिनिधियों ने आवश्यक कार्रवाई हेतु सहमति जताते हुए अपनी-अपनी बातें रखीं। चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी रखने की बात कही गई। बैठक के दौरान सीमा जांच बिंदुओं तथा सीलिंग प्वाइंट के साथ आदतन अपराधियों व निगरानी बदमाशों की सूची उपलब्ध कराए गए। साथ ही नक्सल विरोधी अभियान, कानून व्यवस्था एवं अपराधिक गतिविधियों के ऊपर प्रभावी नियंत्रण और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
कोल्हान कमिश्नर ने विधानसभा निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करने के लिए सभी के आपसी समन्वय एवं सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहले भी बेहतर समन्वय के साथ काम किया जाता रहा है, लेकिन अब निर्वाचन कार्य में समन्वय, आपसी तालमेल को और बेहतर करना है। सीमावर्ती राज्यों के अधिकारियों के थाना एवं अनुमंडल स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का सुझाव दिया। सभी गतिविधियों की डीसी, एसएसपी एवं एसपी स्तर पर मॉनिटरिंग करने की भी बात कही, ताकि कहीं कोई कमी नहीं रह पाए।
बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीसी, निदेशक एनईपी, एसओआर, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीएसपी व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
