
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के दयाल सिटी इलाके में रहने वाली एक नाबालिग लड़की ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई। इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती ने उसे बड़ा नुकसान पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक, बिहार के हाजीपुर निवासी आदित्य कुमार ने अगस्त 2024 में लड़की से संपर्क किया और धीरे-धीरे भरोसा जीत लिया।
आरोपी ने भावनात्मक कहानी गढ़ते हुए कहा कि उसकी मां कैंसर से जूझ रही है और इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत है। सहानुभूति में आकर नाबालिग ने घर में रखे सोने-चांदी के गहने उसे सौंप दिए, जिनकी कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपए बताई जा रही है।
जब ठगी का एहसास हुआ, तो पीड़िता ने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद मामला परसुडीह थाना पहुंचा। थाना प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार, आरोपी की पहचान कर ली गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

