
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत पुराना उलीडीह के समीप शनिवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रितुल कर्मकार के रूप में की गई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रितुल कर्मकार क्षेत्र में ही रहकर इधर-उधर घूमते हुए भिक्षाटन कर अपना गुजारा करता था। वह अक्सर पुराने और जर्जर मकानों में रात गुजारता था। शनिवार सुबह उसका शव एक जर्जर और सुनसान मकान से बरामद किया गया, जिसकी जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के मुंह से झागनुमा तरल पदार्थ निकल रहा था, जिससे कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। प्राथमिक तौर पर आशंका है कि उसकी मौत किसी विषैले जीव के काटने से हुई हो सकती है। वहीं कुछ स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
