
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर यह दावा किया जा रहा है कि थाना प्रभारी किसी स्टेज डांस कार्यक्रम में मंच के सामने बैठकर डांसर का नृत्य देख रहे हैं और बाद में मंच के पास जाकर डांसर को पैसे दे रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारी की छवि को लेकर भ्रामक टिप्पणियां और आरोप लगाए जाने लगे।
हालांकि, जब इस वीडियो की तफ्तीश की गई तो सामने आया कि वायरल दावा पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह वीडियो किसी स्टेज डांस कार्यक्रम का नहीं, बल्कि विगत दुर्गा पूजा 2025 के दौरान हिल व्यू कॉलोनी दुर्गा पूजा कमिटी द्वारा आयोजित सांस्कृतिक भजन संध्या का है। उक्त कार्यक्रम में भजन गायिका द्वारा प्रस्तुत भजनों से प्रसन्न होकर एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार ने कलाकार को प्रोत्साहन स्वरूप बक्शिश दी थी।
बताया जा रहा है कि उसी भजन संध्या के वीडियो की एक क्लिप को जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया और इसे डांसर को पैसे देने से जोड़कर थाना प्रभारी को बदनाम करने की कोशिश की गई।
इस भ्रामक वीडियो की जानकारी जब हिल व्यू कॉलोनी दुर्गा पूजा कमिटी को मिली तो कमिटी के सदस्यों में भारी नाराजगी देखी गई।
पूजा कमिटी के अध्यक्ष श्याम सिंह ने इस मामले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ा है, जिसे गलत संदर्भ में पेश कर समाज में भ्रम फैलाया जा रहा है।
श्याम सिंह ने बताया कि दुर्गा पूजा कमिटी इस मामले को गंभीरता से ले रही है और वायरल वीडियो के जरिए दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराएगी। साथ ही प्रशासन से मांग की जाएगी कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर उचित न्यायिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के दुष्प्रचार पर रोक लग सके।


