
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर की पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एमजीएम थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुखियाडांगा से एक शातिर युवक को अवैध स्वचालित देशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 13 दिसंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मुखियाडांगा निवासी एक व्यक्ति अपने घर में अवैध हथियार छुपाकर रखा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी एमजीएम के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
दिनांक 13/14 दिसंबर की रात्रि में छापामारी कर पुलिस ने मुखियाडांगा से अनिक कुमार सिंह (उम्र 19 वर्ष) को एक नाबालिग के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक लोहे से निर्मित स्वचालित देशी पिस्तौल मैगजीन सहित बरामद की। पूछताछ में अनिक कुमार सिंह ने स्वीकार किया कि वह यह पिस्तौल बिहार से लाया था और अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर गांव में भय एवं दहशत का माहौल बनाने की मंशा रखता था। उसने यह भी बताया कि नाबालिग साथी के माध्यम से इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार के साथ तस्वीर साझा करवाई गई थी।
पुलिस ने मौके से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन, जिसमें अवैध हथियार के साथ तस्वीर सुरक्षित थी, तथा एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इस संबंध में एमजीएम थाना आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


