
उदित वाणी जमशेदपुर: एमजीएम थाना पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली, जब तुरियाबेड़ा गांव में छापेमारी कर एक शातिर युवक राहुल महतो को अवैध देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जानकारी पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि रविवार देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि तुरियाबेड़ा में डीपीएस स्कूल के पास एक युवक हथियार छुपाकर किसी गंभीर वारदात की योजना बना रहा है।
विशेष टीम बनाकर की गई छापेमारी
सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी और एमजीएम थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल बना। टीम ने रात में ही कार्रवाई की और आरोपी राहुल महतो को उसके घर से देशी कट्टा के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।

नौकरी छिनने की रंजिश में रची थी हत्या की साज़िश
पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह जुलाई 2025 तक मुंबई के लीड होटल, दादर–खंडाला में बार टेंडर के रूप में कार्यरत था। उसने अपने परिचित करमा उर्फ कर्मदेव शर्मा (निवासी संकोसाई, ओलीडीह थाना क्षेत्र) को भी वहां नौकरी दिलाई थी।
आरोप है कि बाद में करमा ने होटल प्रबंधन से झूठी शिकायत कर राहुल की नौकरी छुड़वा दी। इसी रंजिश में दोनों के बीच विवाद बढ़ा और राहुल ने करमा को जान से मारने की धमकी भी दे डाली।
नौकरी जाने के बाद बदले की नीयत से राहुल बिहार से देशी कट्टा खरीदकर लाया और कुछ दिनों से गोली की व्यवस्था में जुटा हुआ था। पुलिस की तत्परता ने उसकी योजना पर पूर्ण विराम लगा दिया।
पुराना आपराधिक इतिहास भी आया सामने
डीएसपी ने बताया कि राहुल का आपराधिक इतिहास भी है। वह तुरियाबेड़ा में चोरी के एक पुराने मामले में अपने साथियों के साथ जेल जा चुका है। अब पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।
फिलहाल आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

