
उदित वाणी, रांची : एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर में 50 सीटें बढ़ाकर कुल 150 सीटें कर दी गई है. जबकि मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर में 50 अतिरिक्त सीटों की मंजूरी के बाद कुल 200 सीटें स्वीकृत हुई है. यह नया ढांचा शैक्षणिक सत्र 2025-26 से ही प्रभावी होगा और नीट-यूजी 2025 की काउंसलिंग प्रक्रिया में इन सीटों को शामिल किया जाएगा.
नेशनल मेडिकल कमीशन [एनएमसी] द्वारा मेडिकल कॉलेजों के लिए नई एमबीबीएस सीटों की जारी मैट्रिक्स के आधार पर झारखंड के इन दो प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में कुल 100 सीटों की वृद्धि की गई है. एनएमसी के पॉलिसी एंड कोऑर्डिनेशन डिवीजन के निदेशक राजीव शर्मा द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि यह अद्यतन सूची मौजूदा मेडिकल कॉलेजों की सीटों के नवीनीकरण और नए कॉलेजों या अतिरिक्त सीटों के अनुमोदन के बाद तैयार की गई है.
एनएमसी ने सभी मेडिकल कॉलेजों के डीन, प्राचार्यों, अभिभावकों और नीट-यूजी 2025 के अभ्यर्थियों से इस नई जानकारी को संज्ञान में लेने का अनुरोध किया है. इधर राज्य सरकार के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य में सीटों की यह वृद्धि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने बताया कि आने वाले समय में झारखंड के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी 50-50 सीटों की वृद्धि के प्रस्ताव पर काम किया जा रहा है. जिससे डॉक्टरों की संख्या और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा.

