
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत दाईगुट्टू इलाके में शुक्रवार शाम एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घायल युवक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार विकास किसी निजी कार्य से दाईगुट्टू पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि आरोपित युवकों ने विकास कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट में विकास को चोटें आईं, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत करने में मदद की.
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने हालात का जायजा लेने के बाद घटनास्थल से एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस का कहना है कि अन्य शामिल युवकों की भी पहचान की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. घायल विकास कुमार को प्राथमिक इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है.
स्थानीय निवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की, लेकिन साथ ही उन्होंने इलाके में लगातार बढ़ रहे आपराधिक घटनाओं पर चिंता भी जताई. लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने की मांग की है. पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

