
उदित वाणी, जमशेदपुर : डिमना चौक स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार रात मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. 60 वर्षीय गंभीर रूप से बीमार मरीज को परिजन इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराने लाए थे. इलाज शुरू होने के कुछ ही देर बाद मरीज की मौत हो गई. मौत की जानकारी मिलते ही स्वजन भड़क गए और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनसे उलझ पड़े.
स्थिति तनावपूर्ण होती देख ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और नर्सें अपनी सुरक्षा के लिए इमरजेंसी विभाग छोड़कर अंदरूनी वार्डों में चले गए. हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात होमगार्ड मौके पर पहुंचे, लेकिन वे भी आक्रोशित भीड़ को शांत नहीं कर सके. इसके बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.के. मंधान को घटना की जानकारी दी गई. उन्होंने तत्काल एमजीएम थाना पुलिस और एडीएम को सूचित किया.
पुलिस टीम के पहुंचने के बाद समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया गया और स्थिति नियंत्रण में आई. इसके उपरांत अस्पताल में चिकित्सकीय कार्य फिर से शुरू हो सका. अधीक्षक डॉ. मंधान ने बताया कि मरीज को गंभीर हालत में लाया गया था और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई थी, लेकिन स्वजन इसे मानने को तैयार नहीं थे. इस कारण आक्रोश फैल गया. वर्तमान में अस्पताल का माहौल शांत है और पुलिस एहतियातन तैनात है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.
