
उदितवाणी, रांची: 4 दिसंबर को काशी साहू कॉलेज सरायकेला परिसर में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जायेगा. जिसमें देश भर के अनुसूचित जनजाति के लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच सेवा प्रदान किया जायेगा.
इसके अलावा मरीजों के बीच मुफ्त चिकित्सा उपकरण भी वितरित किया जायेगा. जनजातीय कार्य मंत्रालय, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष मंत्रालय, टाटा स्टील फाउंडेशन और जिला प्रशासन द्वारा शिविर का आयोजन किया जायेगा तथा स्वास्थ्य शिविर में एम्स, अपोलो, फोर्टिस व मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे.
डॉक्टर सुदूर जनजातीय इलाकों में भी जायेंगे तथा विभिन्न प्रकार के रोगों की जांच व इलाज करेंगे. इस शिविर को सफल बनाने के लिये ट्राइफेड, एनएसटीएफडीसी और ईएममआरएस का भी सहयोग लिया जा रहा है.
26 जून 2022 को खूंटी में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर के बाद केन्द्रीय जनजातीय मंत्रालय का यह दूसरा मेगा शिविर होगा. जहां लगभग 50 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य रखा गया है. इस स्वास्थ्य शिविर का उद्येश्य मुख्यतया तीन प्रकार की बीमारियों से मुक्ति दिलाना होगा.
पहली श्रेणी में टीबी, कुष्ठ, एचआईवी, हेपेटाइटिस जैसे संचारी रोगों, दूसरी श्रेणी में स्तन व गर्भाशय कैंसर, सिकिल सेल विकार, हृदय रोग, चर्म रोग, स्नायु रोग, दंत चिकित्साय तथा तीसरी श्रेणी में मातृ-बाल स्वास्थ्य पोषण समेत कुपोषण व किशोर स्वास्थ्य शामिल है.
इन रोगों की जांच व उनके निदान तथा रोकथाम के उपाय स्वास्थ्य शिविर में किये जायेंगे. इसके अलावा शिविर में दवाओं, कृत्रिम अंगों और सहायक यंत्रों तथा उपकरणों का निशुल्क वितरण भी किया जायेगा. जबकि नेत्र शिविर के माध्यम से आंखों की जांच की जायेगी और चश्मे का निशुल्क वितरण किया जायेगा.
वहीं शिविर के दौरान आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड को सुगम बनाने की भी व्यवस्था की जायेगी. आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड के लिये स्वास्थ्य शिविरों में आने वाली जनजातीय समुदाय के लोगों से अपने आधार कार्ड व राशन कार्ड साथ लाने का आग्रह किया गया है.

