
उदित वाणी, जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. यह बैठक उनके कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई, जिसमें विधि शाखा और सामान्य शाखा से संबंधित कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई.
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
बैठक में उप विकास आयुक्त ने विधि शाखा में लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने न्यायालयीय वादों से संबंधित विवरणों को कंप्यूटर में दर्ज करने की आवश्यकता जताई. साथ ही पीआईएल, रिट, अवमानना आदि मामलों की फाइलें पृथक-पृथक रखने को कहा गया. कार्यप्रणाली को अनुशासित रखने पर भी बल दिया गया.
सामान्य शाखा में रजिस्टरों के संधारण का निर्देश
सामान्य शाखा की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगत-निर्गत पंजी, रोकड़ पंजी, स्टॉक रजिस्टर जैसे सभी अभिलेखों का संधारण सरकारी नियमावली के अनुसार सुनिश्चित किया जाए. साथ ही सरकार को प्रेषित किए जाने वाले प्रतिवेदनों को समय पर भेजने की हिदायत दी गई, जिससे प्रशासनिक प्रक्रिया में गति बनी रहे.
समन्वय और पारदर्शिता को प्राथमिकता
उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को विभागीय समन्वय बनाए रखने, कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए. बैठक में विधि व सामान्य शाखा के प्रभारी चंद्रजीत सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.

