
उदित वाणी, जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान को जिले में सफलतापूर्वक लागू करने के विषय में विस्तार से चर्चा की गई।
मातृत्व भावना से जुड़ा पर्यावरण संरक्षण का अनूठा प्रयास
उप विकास आयुक्त ने बताया कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो मातृत्व भावना और धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधे के पेड़ बनने तक उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।
बहु-विभागीय सहयोग से विद्यालयों में सक्रिय भूमिका
यह अभियान ‘Whole of Government’ एवं ‘Whole of Society’ दृष्टिकोण के तहत संचालित होगा, जिसमें विद्यालयों की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में Eco Clubs for Mission LiFE के माध्यम से 5 जून से 30 सितंबर 2025 तक व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा।
कितने पौधे लगाए जाएंगे और कहां?
अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालयों में न्यूनतम 70, माध्यमिक विद्यालयों में 100 और उच्च विद्यालयों में 150 पौधे लगाए जाएंगे। पौधरोपण विद्यालय परिसरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों जैसे सड़क किनारे और सामुदायिक परिसर में भी किया जाएगा।
समन्वय और डिजिटल दस्तावेजीकरण
पौधों की आपूर्ति के लिए वन विभाग, उद्यान विभाग एवं नगर निकायों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। सभी गतिविधियों का दस्तावेजीकरण MeriLiFE पोर्टल (https://merilife.nic.in) पर किया जाएगा। साथ ही डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान की व्यापक जानकारी फैलाने और लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, नगर निकायों के पदाधिकारी, शहरी क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों के प्राचार्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।