
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 29 दिसंबर को प्रस्तावित दौरे को लेकर सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है. राष्ट्रपति के इस ऐतिहासिक दौरे को सफल बनाने के लिए शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं.
इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने दल-बल के साथ आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना अस्पताल का गहन निरीक्षण किया. प्रशासन की ओर से प्रोटोकॉल के तहत किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिट्रीना अस्पताल को महामहिम राष्ट्रपति के लिए ‘रिजर्व’ रखने की तैयारी की गई है.
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन से उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता, आईसीयू, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक संसाधनों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान स्वास्थ्य संबंधी किसी भी स्थिति से निपटने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी.
वहीं राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों के तहत शहर में स्वच्छता अभियान और अतिक्रमण हटाओ अभियान भी तेज कर दिया गया है. जिला प्रशासन की टीम ने प्रमुख सड़कों और मार्गों का निरीक्षण कर नगर निगम को शहर को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया जाएगा.

