
उदित वाणी, जमशेदपुर : अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस (11 अक्टूबर) के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, जमशेदपुर शाखा द्वारा बालिकाओं के सम्मान में “नारी सम्मान शपथ पत्र” नामक एक नई पहल की शुरुआत की गई. यह सामाजिक मुहिम 8 अक्टूबर से प्रारंभ की गई थी. इसका उद्देश्य समाज में बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, समानता और सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है.
शाखा के सदस्यों और समाजबंधुओं ने खुले मन से इस अभियान में भाग लिया और शपथ ली – “हम हर बालिका का सम्मान करेंगे और उसके अधिकारों की रक्षा करेंगे.”
इस ऑनलाइन अभियान में लोगों ने दिए गए लिंक के माध्यम से शपथ पत्र भरा. अंतिम तिथि 11 अक्टूबर शाम 7 बजे तक तय की गई थी. मंच द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक कुल 39 शपथ पत्र समाजबंधुओं द्वारा भरे जा चुके हैं. यह पहल नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरक कदम साबित हो रही है.
शाखा ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि बालिकाओं के अधिकारों और सम्मान के प्रति समाज में स्थायी जागरूकता कायम हो सके.
इस प्रेरक अभियान के सहसचिव उत्तम शर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम संयोजक की भूमिका युवा रवि शंकर सोनी और नितिन बरवालिया ने निभाई.

