
जमशेदपुर: मारवाड़ी महिला मंच जमशेदपुर शाखा द्वारा सावन के पावन अवसर पर बिष्टुपुर स्थित एक होटल में पारंपरिक उल्लास के साथ सिंधारा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंच की सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे आयोजन को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम की शुरुआत शाखा अध्यक्ष श्रीमती रानी अग्रवाल के स्वागत भाषण से हुई। मंच संचालन शाखा सचिव श्रीमती मीना अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सह-सचिव श्रीमती कंचन खिरवाल ने प्रस्तुत किया।
नृत्य, गायन, लघु नाटिका एवं विविध गेम्स व क्विज ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। सभी ने स्वादिष्ट व्यंजनों का भी भरपूर आनंद लिया।
प्रतिभाओं को मिला सम्मान
कंचन खिरवाल, प्रीति अग्रवाल और ललिता सराय वाला को नृत्य में उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया। लघु नाटिका के माध्यम से पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती मंजू खंडेलवाल और आगामी प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पाड़िया ने समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश दिया।
डॉ. रेणुका चौधरी ने सावन पर पारंपरिक लोकगीत गाकर सभी को भावविभोर कर दिया। गेम और क्विज में रेणुका चौधरी, मनीष मित्तल और सुनीता कसेरा विजेता रहीं।
वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती जया डोकानिया, श्रीमती लता अग्रवाल, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती मंजू खंडेलवाल, आगामी प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पड़िया, राष्ट्रीय अंचल प्रमुख श्रीमती बीना खिरवाल, प्रांतीय अंचल प्रमुख श्रीमती बीना अग्रवाल, नेत्रदान प्रमुख श्रीमती सीमा जवानपुरिया और कोषाध्यक्ष मंजू मुसद्दी समेत मंच की अनेक वरिष्ठ सदस्याएं उपस्थित रहीं।
भविष्य के लिए मिला सामाजिक संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्याओं ने सावन के इस उत्सव के माध्यम से नारी सशक्तिकरण, एकजुटता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और भाईचारे का वातावरण बना रहा।

