
उदित वाणी, जमशेदपुर : दिल्ली में आयोजित अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के 28वें राष्ट्रीय अधिवेशन में साकची शाखा को पूरे देश में “श्रेष्ठ शाखा” का सम्मान प्रदान किया गया. यह उपलब्धि न केवल सम्मेलन के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हुई, बल्कि जमशेदपुर और पूरे झारखंड का गौरव भी बढ़ा दिया.
इस अधिवेशन में साकची शाखा की ओर से अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल, महासचिव बबलू अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सन्नी संघी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दीपक पारीक शामिल हुए. पुरस्कार प्राप्त करने पर शाखा अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मान पूरे साकची और सभी सदस्यों की निस्वार्थ सेवा भावना का परिणाम है.
कोषाध्यक्ष सन्नी संघी ने इस पुरस्कार को साकची शाखा के सभी पूर्व अध्यक्षों और पदाधिकारियों को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि इस मान्यता से यह साबित होता है कि साकची शाखा पूरे झारखंड की सबसे बड़ी और सक्रिय शाखा है. यह उपलब्धि सभी सदस्यों की मेहनत और समर्पण का नतीजा है, जो आगे भी प्रेरणा देती रहेगी.
मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा की स्थापना वर्ष 1967 में हुई थी और तब से यह लगातार सामाजिक तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभा रही है. संगठन ने मारवाड़ी समाज की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अहम कार्य किए हैं.
इस अवसर पर सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार लोहिया, राष्ट्रीय महासचिव कैलाशपति तोदी और नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन गोयनका मंच पर मौजूद रहे. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कमल किशोर अग्रवाल और संदीप मुरारका ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साकची शाखा को मिला यह पुरस्कार पूरे शहर के लिए गौरव की बात है. उन्होंने वर्तमान पदाधिकारियों के साथ ही निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश कांवटिया और महासचिव अभिषेक अग्रवाल गोल्डी को भी बधाई दी.

