
उदित वाणी, जमशेदपुर : बारीडीह स्थित मणिपाल मेडिकल कॉलेज में उस समय सनसनी फैल गई, जब एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र दिव्यांशु पांडे (निवासी समस्तीपुर, बिहार) ने अपने हॉस्टल के कमरे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही सहपाठियों और प्रबंधन की ओर से छात्र को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कहा कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।
मणिपाल मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि दिव्यांशु ने हॉस्टल में ही जहर का सेवन किया था। इसकी जानकारी मिलते ही आपातकालीन व्यवस्था के तहत उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद कॉलेज कैंपस और छात्रों के बीच गम का माहौल है। सहपाठी छात्र दिव्यांशु की आत्महत्या से स्तब्ध हैं और कारण जानने की कोशिश में लगे हुए हैं। वहीं पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।
यह घटना न केवल कॉलेज प्रशासन बल्कि छात्र समुदाय के लिए भी एक बड़ा झटका साबित हुई है। आत्महत्या की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार है।

