
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत दाईघुटु स्थित धोबी लाइन रोड नंबर 6 में शनिवार देर शाम एक युवक ने आत्महत्या कर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान 20 वर्षीय विशाल प्रमाणिक के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था। उसका 1.5 साल का एक बेटा भी है। घटना के बाद परिवार समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की छाया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम किसी बात को लेकर विशाल का पत्नी से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर वह गुस्से में घर के बाथरूम में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब काफी देर तक बाहर नहीं आया तो परिजनों को आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। परिजन तुरंत उसे एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब मामले की जांच के दौरान पारिवारिक तनाव और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। विशेष रूप से उसकी पत्नी और मासूम बेटे की हालत देख आस-पड़ोस के लोग भी भावुक हैं। पड़ोसियों के अनुसार, विशाल शांत स्वभाव का और मेहनती युवक था, जो ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

