
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड विधानसभा में अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से जमशेदपुर पश्चिमी विधायक सरयू राय ने कदमा कन्वेंशन सेंटर, साकची डी.एम. लाइब्रेरी और सोनारी दोमुहानी पार्क का मुद्दा उठाया. नगर विकास एवं आवास विभाग ने इसका लिखित उत्तर दिया, हालांकि हंगामे के कारण सदन में इस पर चर्चा नहीं हो सकी.
कदमा कन्वेंशन सेंटर
सरकार ने बताया कि कन्वेंशन सेंटर में कई तकनीकी त्रुटियां पाई गईं. इसी कारण जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) ने भवन का हस्तांतरण स्वीकार नहीं किया. इसे उपयोग लायक बनाने के लिए जुडको द्वारा नया प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है.
डी.एम. लाइब्रेरी
साकची स्थित डी.एम. लाइब्रेरी के प्रथम और द्वितीय तल के निर्माण हेतु प्राक्कलन और कार्ययोजना बनाई जा रही है. तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू कर कार्य कराया जाएगा.
दोमुहानी पार्क
सरकार ने स्पष्ट किया कि सोनारी दोमुहानी पार्क आवश्यक उपकरण और संयंत्रों की कमी के कारण अब तक संचालित नहीं हो सका. एक माह के भीतर सभी कमियों को दूर कर पार्क को जनता के लिए खोल दिया जाएगा.
मानगो जलापूर्ति परियोजना
सरयू राय ने मानगो शहरी जलापूर्ति योजना की स्थिति पर भी प्रश्न उठाया. जवाब में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने बताया कि योजना का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. बालीगुमा जलमीनार का निर्माण समाप्त हो गया है, लेकिन सीडब्ल्यूआरएम पाइपलाइन बिछाने के लिए एनएचएआई से एनओसी देर से मिलने के कारण काम अधूरा रह गया.
सितंबर 2025 तक योजना का शेष कार्य पूरा करने का लक्ष्य है. इसके लिए इंटेक वेल में 375 एचपी का नया पंप तथा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में 150 एचपी के दो पंप लगाने की स्वीकृति मिल चुकी है. अन्य जोनों में पुराने पंपों और आरसीसी पंप हाउस को बदलने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है.

