
पांच किलोमीटर तक अपराधियों का किया पीछा, 100 नंबर में करते रहे फोन, नहीं मिला कोई रिस्पांस
जमशेदपुरः मानगो पारडीह ऊपर बस्ती के रहने वाले शिक्षक ब्रजेश नारायण प्रसाद की पत्नी के गले से बदमाशों ने सोने की चेन और जिउतिया की छिनतई कर ली। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पूजा के दौरान पुलिसिया सुरक्षा व्यवस्था की सारी पोल खोलकर रख दी।
जानकारी के मुताबिक ब्रजेश नारायण प्रसाद अपनी पत्नी नीरा नारायण प्रसाद के साथ रविवार की सुबह स्कूटी से मानगो पारडीह से साकची जा रहे थे। एमजीएम हॉस्पिटल गोल चक्कर के समीप सीबीजेड गाड़ी से सामने आकर दो लड़के खड़े हो गए। ब्रजेश प्रसाद बगल से निकलकर शीतला मंदिर की ओर आगे बढ़ने लगे। कुछ दूर जाने के बाद अचानक पीछे से आकर दोनों लड़के जिसमें एक हेलमेट पहना हुआ था उनकी पत्नी नीरा प्रसाद के गले से सोने की चेन और जिउतिया छीनकर भाग गए।
छिनतई की घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता विकास सिंह ब्रजेश नारायण प्रसाद के घर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। ब्रजेश नारायण ने बताया की छिनतई के बाद अपराधी शीतला मंदिर होते हुए नया नागरमल दुकान के रास्ते से पुराना जेल के समीप होते हुए पुराने कोर्ट के पास पहुंचे। उसके बाद मरीन ड्राइव पकड़ कर रवाना हो गए। ब्रजेश नारायण प्रसाद ने अपराधियों का लगभग पांच किलोमीटर तक पीछा किया और बीच रास्ते में उनकी पत्नी बार-बार पुलिस के द्वारा उपलब्ध कराई गई। उनकी पत्नी 100 नंबर में फोन कर रही थी पत्नी को लग रहा था कि 100 नंबर में अगर फोन लग जाएगा तो अपराधी आसानी से पकड़े जाएंगे, लेकिन फोन उठाना तो दूर 100 नंबर में फोन लगा तक नहीं।
भाजपा नेता विकास सिंह ने प्रशासन के पूजा के समय 24 घंटा सुरक्षा देने वाले दावे को खोखला बताते हुए कहा कि अपराध हर सीमाओं को लांघ गया है। कोई व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। कब किसके साथ क्या घटना घट जाए इसकी गारंटी नहीं है। विकास सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी एसएसपी को देकर मामले का उद्भेदन करने का प्रयास किया जाएगा।

