
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई रविवार की रात करीब साढ़े 10 बजे सरोवर हिल्स, एनएच-33 इलाके में की गई, जहां पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को हथियारों के साथ मौके से धर दबोचा.
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियार लेकर एनएच-33 क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही मानगो थाना की पुलिस टीम सक्रिय हुई और तय रणनीति के तहत इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की गई. इसी दौरान पुलिस ने तीन युवकों को रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए. पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानगो थाना क्षेत्र के आजादनगर रोड नंबर-12 निवासी दानिश हुसैन (20), सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली गौसनगर निवासी राशिद अंसारी (25) तथा कपाली अली मस्जिद के पास रहने वाले गुलाब खान उर्फ तन्नी (19) के रूप में हुई है. आरोपी पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू और एक बाइक बरामद की है. सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है. प्रारंभिक पूछताछ में यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी हथियार लेकर किस उद्देश्य से इलाके में आए थे और कहीं वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना तो नहीं बना रहे थे.
इस संबंध में मानगो थाना के एसआई महेंद्र कुमार के बयान पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

