
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की टीम ने सोमवार को डिमना रोड स्थित दुकानों में प्लास्टिक विरोधी छापामारी अभियान चलाया. इस दौरान 5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया और दुकानदारों से कुल 2900 रुपये जुर्माना वसूला गया.
उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान में कई फुटपाथी दुकानदारों और बिना ट्रेड लाइसेंस वाले प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी गई. प्लास्टिक रखने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई तथा दुकानदारों को दो टूक निर्देश दिया गया कि यदि भविष्य में प्लास्टिक मिला तो लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा.
लगातार अभियान, फिर भी जारी उल्लंघन
नगर निगम का कहना है कि विगत आठ महीनों से प्लास्टिक विरोधी जागरूकता अभियान माइकिंग और जांच के माध्यम से चलाया जा रहा है. इसके बावजूद अब भी कई दुकानदार प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग कर रहे हैं. निगम ने सभी थोक एवं खुदरा विक्रेताओं से अपील की है कि दुकान और प्रतिष्ठान में प्लास्टिक का प्रयोग न करें, अन्यथा कड़ा दंड भुगतना होगा.
अधिकारियों की मौजूदगी
इस अभियान में नोडल पदाधिकारी, कार्यालय कर्मी प्रदीप कुमार, रोहित एक्का, सुजीत कुमार सिंह एवं अन्य नगर निगमकर्मी मौजूद रहे.

