
उदित वाणी, जमशेदपुर: निकाय चुनाव को लेकर चुनाव आयोग की तैयारियों में आई खामियों का खामियाजा खासकर मानगो नगर निगम क्षेत्र के वार्ड पार्षद प्रत्याशियों को भुगतना पड़ रहा है.
वार्ड नंबर-14 के एक प्रत्याशी ने बताया कि उन्होंने प्रचार वाहन की अनुमति के लिए चार दिन पहले ही आवेदन दे दिया था, लेकिन शुक्रवार देर शाम तक उन्हें अनुमति नहीं मिल सकी. जबकि चुनाव प्रचार का अंतिम समय शनिवार शाम 5 बजे तक ही निर्धारित है.
प्रत्याशी ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि शनिवार को भी अनुमति मिलती है तो कुछ ही घंटों में करीब 6 हजार मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचा पाना संभव नहीं होगा. उन्होंने कहा कि चुनाव में कितना समर्थन मिलेगा या मतदाता उन्हें कितना पसंद करते हैं, यह बाद की बात है. फिलहाल तो अनुमति के इंतजार में ही कीमती समय निकलता जा रहा है.
आशंका जताई जा रही है कि उनके जैसे कई अन्य प्रत्याशी भी प्रचार वाहन की अनुमति नहीं मिलने के कारण प्रभावी प्रचार से वंचित रह सकते हैं. निकाय चुनाव के अंतिम चरण में इस तरह की प्रशासनिक देरी प्रत्याशियों की रणनीति और प्रचार अभियान पर सीधा असर डाल रही है.

