
उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के कोमाराम बस्ती में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान ममनी गोराई (26) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, एक अगस्त 2025 की सुबह ममनी पूजा करने के लिए कोमाराम बस्ती स्थित काली मंदिर गई थीं। पूजा के दौरान उनकी साड़ी में जलते दिए से आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के बाद परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में भर्ती के बाद डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन पूरे शरीर पर गंभीर जलन होने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी रही। चार दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद शनिवार देर रात ममनी ने दम तोड़ दिया।
मृतका के पति बबलू गोराई ने बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद वे तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन पत्नी को बचाया नहीं जा सका। ममनी के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है।
हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग परिजनों के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और रिपोर्ट आने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मानगो थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना लोगों के लिए एक दर्दनाक सबक बन गई है कि पूजा के समय सावधानी बेहद जरूरी है।

