
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में हुई फायरिंग घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार मानगो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मानगो थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तापस घोष उर्फ तापस बंगाली को धर दबोचा है. आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए फरार रह रहा था.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फायरिंग की वारदात 29 दिसंबर 2022 को मानगो थाना क्षेत्र में हुई थी. उस दिन अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी. घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच के दौरान सामने आया कि इस फायरिंग कांड में तापस घोष उर्फ तापस बंगाली की संलिप्तता है. इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा.
मानगो थाना पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी अपने किसी परिचित के संपर्क में है. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरायकेला जिले के रामेश्वर कॉलोनी निवासी तापस घोष उर्फ तापस बंगाली के रूप में की गई है.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू की है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान फायरिंग की घटना से जुड़े कई अहम पहलुओं का खुलासा हो सकता है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति या आपराधिक गिरोह की भूमिका थी या नहीं.
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को जेल में भेज दिया है. मामले की जांच लगातार जारी है और फायरिंग कांड से जुड़े अन्य सुरागों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है.

