
उदित वाणी, जुगसलाई : जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता दीपक सहाय समेत अन्य अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. इस दौरान विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई.
खासमहल से गोविंदपुर मार्ग निर्माण में हो रही देरी पर नाराज़गी
विधायक ने खासमहल से गोविंदपुर तक सड़क निर्माण कार्य में हो रही विलंबता और निर्माण में आ रही अड़चनों को लेकर चिंता जताई. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में तेजी लाई जाए ताकि आमजन को जल्द से जल्द सुविधा मिल सके.
पटमदा से रघुनाथपुर तक अधूरी सड़कों की होगी मरम्मत
बैठक में पटमदा से रघुनाथपुर मुख्य सड़क के बीच बची हुई अधूरी सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने की बात भी उठाई गई. विधायक ने इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया.
नारगा से नरसिंहपुर चौक तक सड़क निर्माण पर भी चर्चा
विधायक कालिंदी ने दलदली पंचायत के नारगा से कोड़िया और दलदली होते हुए नरसिंहपुर चौक तक 11 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग के निर्माण को लेकर भी चर्चा की. उन्होंने सुझाव दिया कि इस मार्ग का निर्माण ग्रामीण विकास विभाग के बजाय पथ निर्माण विभाग से कराया जाए, जिससे कार्य में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके.
जनहित में हो तेजी से कार्य, नहीं हो जनता को परेशानी
बैठक के अंत में विधायक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में शेष बचे हुए विकास कार्यों को शीघ्र निष्पादित किया जाए. उन्होंने कहा कि बार-बार की देरी से जनता को भारी परेशानी होती है, जिसे अब और नहीं सहा जा सकता.

