
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना अंतर्गत बागबेड़ा कॉलोनी में शनिवार रात चोरी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गणेश पूजा मैदान के पास रोड नंबर-2 स्थित ब्लॉक नंबर 66/2/1 में रहने वाले गौरव कुमार सिन्हा के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद से पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।
पीड़ित गौरव सिन्हा के अनुसार, चोरी की वारदात देर रात 1 से 3 बजे के बीच हुई। चोर घर की छत से अंदर घुसे और रसोईघर के रास्ते अलमारी तक पहुंचे। उन्होंने अलमारी से सोने का मांगटीका, झुमका, चांदी की पायल, चार बिछिया, एक एप्पल मोबाइल फोन, हेडफोन और करीब 1500 रुपये नकद निकाल लिए। चोरी का पता तब चला जब गौरव की बहन की नींद खुली और उसने देखा कि कमरे का दरवाजा व अलमारी खुला है। जब परिवार के अन्य सदस्य जागे तो देखा कि सामान बिखरा हुआ है और ऊपर वाले फ्लोर में भी कागजात अस्त-व्यस्त पड़े हैं।
घटना की सूचना तुरंत बागबेड़ा थाना को दी गई। शुरुआत में स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिली, लेकिन बाद में थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सुबह 7 बजे पीड़ित परिवार ने थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई। पुलिस फिंगरप्रिंट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उपमुखिया संतोष ठाकुर और समाजसेवी मुदिता सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिवार को ढाढ़स बंधाया। प्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत परिवार के साथ है और जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले पंचायत भवन में हुई चोरी का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

