
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा के पास एनएच-33 पर तड़के सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। कोलकाता से रांची जा रही यात्री बस मिथिला मोटर्स के पास एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, एनएच-33 पर बने कट से एक ट्रेलर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही बस ट्रेलर की बाईं ओर जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मुख्य गेट जाम हो गया, जिससे यात्री अंदर फंस गए। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश उस समय सो रहे थे। अचानक हुए झटके और धमाके की आवाज से बस के भीतर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर साइड के दरवाजे से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद एनएच-33 पर करीब ढाई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाया, जिसके बाद सुबह लगभग छह बजे यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बस को जब्त कर लिया गया है। घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में इलाज के बाद घर भेज दिया गया। वहीं शेष यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर रांची भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

