
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत सीएनआई गेट (किलोमीटर-375/22), डाउन लाइन सेक्शन में शनिवार को एक गंभीर रेल दुर्घटना हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दो माल गाड़ियों के बीच साइड टक्कर हो गई, जिसके चलते एन-बॉक्स के 4 डिब्बे पटरी से उतरकर सड़क किनारे चले गए। हादसे के बाद मुरी लाइन पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है, जिससे ट्रेनों का आवागमन प्रभावित है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसा सुबह 4 बजे सुबह के समय हुआ और तुरंत ही राहत व बचाव दल मौके पर पहुंच गए। अच्छी बात यह रही कि लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर स्टाफ सहित सभी लोग सुरक्षित हैं। किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
दुर्घटना के बाद इस मार्ग पर ट्रेन परिचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। तकनीकी टीम ट्रैक को दुरुस्त करने और डिब्बों को हटाने का कार्य कर रही है। साथ ही, दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में साइड टक्कर को हादसे का कारण बताया जा रहा है, हालांकि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जल्द से जल्द ट्रैक को साफ कर ट्रेन सेवाएं बहाल की जाएंगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन और आधिकारिक चैनलों का उपयोग करें।
यह हादसा न केवल ट्रेन परिचालन को प्रभावित कर रहा है, बल्कि माल ढुलाई और यात्रियों के समय सारणी पर भी असर डाल रहा है। फिलहाल रेलवे की सभी टीमें युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटी हैं।

