
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में फर्जीवाड़ा मामले की जांच सीआईडी से करायी जायेगी. पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना में मंईयां सम्मान योजना का अवैध तरीके से लाभ लेने के मामले में कुल 172 लाभुकों के विरुद्ध नौ जुलाई को प्राथमिकी दर्ज करायी गई है. जिसे सीआईडी द्वारा टेकओवर करते हुए जांच किया जायेगा. गौरतलब है कि यह योजना झारखंड की महिलाओं के लिए लागू की गई है. लेकिन बिहार के किशनगंज व पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर के 172 फर्जी लाभुकों ने मईंयां सम्मान योजना का लाभ लिया है.
अब झारखंड सीआईडी द्वारा यह जानकारी जुटायी जायेगी कि इतनी बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों के फर्जी लाभुकों ने इस योजना का लाभ कैसे लिया और उन्हें इसका लाभ लेने में किन-किन पदाधिकारियों व लोगों ने सहयोग किया है. इस पूरे प्रकरण में कौन-कौन शामिल थे और जिस गिरोह ने यह फर्जीवाड़ा किया है. उस गिरोह ने और कहां-कहां इस तरह का फर्जीवाड़ा किया है.
ऐसे कितने फर्जी लाभुकों को इसका लाभ दिलाया गया है. अगर दूसरे जिलों में भी इस गिरोह द्वारा फर्जीवाड़ा किया गया है, तो उनका भी सीआईडी पता लगाएगी. प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले में जल्द ही सीआईडी की टीम द्वारा गालूडीह थाना से इससे संबंधित दस्तावेज हासिल करके जांच शुरू कर दी जायेगी.
