
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक 16 वर्षीय किशोर जामुन के पेड़ से गिरकर अपनी जान गंवा बैठा। मृतक की पहचान मोहम्मद इस्राफिल के रूप में हुई है, जो बिहार के अररिया जिले के बाघनगर गांव का निवासी था। इस्राफिल जमशेदपुर के सीमावर्ती क्षेत्र कपाली के एक मदरसे में शिक्षा ग्रहण कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस वक्त घटी जब इस्राफिल मदरसे के पास स्थित एक खाली ज़मीन पर लगे जामुन के पेड़ पर चढ़ा हुआ था। स्थानीय लोगों के मुताबिक पेड़ की ऊंचाई लगभग तीन मंजिला इमारत के बराबर है। बताया जा रहा है कि वह पेड़ से जामुन तोड़ रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलते ही मदरसा के शिक्षक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल इस्राफिल को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को उसके परिजनों को सौंप दिया। बुधवार सुबह शव को उसके गांव बाघनगर ले जाया गया, जहां परंपरागत मुस्लिम रीति-रिवाज के तहत उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
स्थानीय लोगों में रोष, पेड़ से पहले भी हो चुके हैं हादसे
इस हृदयविदारक हादसे के बाद कपाली क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस पेड़ से किसी की जान गई हो। इससे पहले भी कई बार बच्चे और किशोर इस पेड़ से गिरकर घायल हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि यह पेड़ खाली मैदान में स्थित है और बच्चों को अक्सर इसकी ओर आकर्षण होता है। जामुन के मौसम में बच्चे पेड़ पर चढ़ते हैं, जिससे गिरने की घटनाएं होती हैं।
प्रशासन से पेड़ को हटाने की मांग
घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से इस पेड़ को हटवाने की मांग तेज़ कर दी है। मोहल्ले के समाजसेवी आफताब आलम ने बताया, “यह पेड़ जानलेवा बन चुका है। पहले भी कई बार इसकी शिकायत की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब एक बच्चे की जान चली गई है। प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।”
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।