
उदित वाणी, जमशेदपुर: लोयोला स्कूल के दो छात्र राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे. इन दोनों छात्रों की उम्र महज पांच वर्ष है. जी हां, इन्हें झारखंड राज्य से नेशनल खेलने और झारखण्ड राज्य का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा.
यूकेजी के इन दो छात्रों को नेशनल चेस चैंपियनशिप का टिकट मिल गया है। इन दोनों ने 21 मार्च से 23 मार्च तक हजारीबाग में हुई राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता (अंडर-7) में अपना परचम लहाराया है. इसमें लोयोला स्कूल के यूकेजी के छात्र ऋधान गोयल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है. इसी तरह इसी प्रतियोगिता में लोयोला के ही यूकेजी के छात्र अथर्व अडेसरा को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है.
अब ये दोनों बालक सितंबर में होने वाली राष्ट्रीय चेस चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे. राष्ट्रीय चेस चैंपियनशिप गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा. लोयोला स्कूल के दोनों विद्यार्थियों की सफलता से स्कूल प्रबंधन खुश है और दोनों को बधाई दी है.
ऋधान गोयल जुगसलाई के रहने वाले हैं. ऋधान के पिता मृदुल गोयल बताते हैं कि पिछले दिनों जेआरडी में हुई प्रतियोगिता में ऋधान ने हिस्सा लिया था. उसमें उसे प्रथम स्थान प्राप्त हुआ. इसके बाद स्वत: उसे राज्य स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिला. हजारीबाग में 21-23 मार्च के राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था.
इसमें अंडर-5 वर्ग में ऋधान ने एक बार बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की और प्रथम स्थान पर कब्जा जमा लिया. ऋधान के पिता बताते हैं कि चार साल की उम्र मं ऋधान को चेस में दिलचस्पी जागी, जिसके बाद उसे एक ट्रेनर के माध्यम से प्रोफेशनल चेस की ट्रेनिंग दिलाई गई. इसके बाद वह अच्छा करता गया.
वहीं, अथर्व अडेसरा बिष्टूपुर के रहने वाले हैं. अथर्व के पिता निखिल अडेसरा बताते हैं कि अब अथर्व चैंपियनशिप में जीत दर्ज करने के बाद नेशनल की तैयारियां बेहतर तरीके से करेगा.

