
उदित वाणी, जमशेदपुर : केरला पब्लिक स्कूल, कदमा में चल रहे ‘लेट्स मेक अ डिफरेंस -जमशेदपुर युवा सम्मेलन’ का तीसरे दिन का कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक रहा. इस आयोजन में विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों, परिवार की अहमियत और आत्म-विकास पर गहन सत्रों के माध्यम से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ.
सत्र की शुरुआत प्रार्थना और मौन साधना से हुई, जिसके बाद छात्रों को अपने विचारों को डायरी में लिखने का अवसर दिया गया ताकि वे आत्मचिंतन और कृतज्ञता की आदत विकसित कर सकें.
कार्यक्रम का संचालन मुख्य अतिथि श्री विरल मजूमदार (मुख्य संचालक, एलएमएडी) ने किया. उन्होंने ईमानदारी, निःस्वार्थता, प्रेम और पवित्रता जैसे मूल्यों की महत्ता बताते हुए कहा कि ये जीवन को शांति, संतुलन और सच्चे आनंद से भर देते हैं.

श्री मजूमदार ने अपने बाल्यकाल के संस्मरणों के जरिए स्पष्ट किया कि परिवार न केवल संस्कारों का आधार है, बल्कि आत्मबल का स्रोत भी है. उन्होंने कहा कि पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाए रखना व्यक्तिगत विकास के लिए आवश्यक है.
सत्र में अहंकार और क्रोध पर नियंत्रण, दूसरों के प्रति दयावान रहना तथा जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की शिक्षा दी गई. छात्रों ने अपने पारिवारिक अनुभव, निजी चुनौतियाँ और सम्मेलन से मिली सीख को साझा किया.

अंत में एक लाइव प्रस्तुति के माध्यम से यह दर्शाया गया कि मूल्य और परिवार मिलकर संतुलित तथा खुशहाल जीवन का आधार बनते हैं. विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि इन शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अवश्य उतारेंगे.
यह कार्यक्रम छात्रों, शिक्षकों एवं सभी उपस्थितजनों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा और सभी के लिए यह स्पष्ट संदेश छोड़ गया कि सच्चा परिवर्तन भीतर से प्रारंभ होता है, जो हमारे परिवारों और समुदाय के मूल्यों से और भी मजबूत बनता है.

