
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर (पूर्व बिड़ला मंदिर) के जीर्णोद्धार कार्य ने तेजी पकड़ ली है. इस पवित्र कार्य से न केवल मंदिर की भव्यता लौट रही है, बल्कि केबुल कंपनी में औद्योगिक गतिविधियों के फिर शुरू होने के आसार भी प्रबल हो गए हैं. पूर्व विधायक सरयू राय ने इसे दुष्ट शक्तियों के निवारण का परिणाम बताया है.
मंदिर परिसर में श्री लक्ष्मीनारायण, मां काली, भोलेनाथ, गणेश जी और हनुमान जी के विग्रह स्थापित हो चुके हैं. नियमित पूजा से बाधाएं दूर हुई हैं. सरयू राय ने कहा, “देवी-देवताओं की कृपा से कंपनी के पुनरुद्धार का मार्ग प्रशस्त हो रहा है.”
अनूठा मंदिर, विशेष विग्रह
देश का यह पहला लक्ष्मीनारायण मंदिर होगा जहां गर्भगृह में भगवान विष्णु के दशावतार विग्रह और चार महर्षि—विश्वामित्र, जमदग्नि, कश्यप व बाल्मीकि—की प्रतिमाएं विराजमान होंगी. दशावतार विग्रह का रंग-रोगन शीघ्र पूरा होगा.
निर्माण कार्य तेज
– मुख्य मंदिर की बाउंड्री व गोपुरम शिखर पर पांच पीतल कलश का कार्य प्रगति पर
– गर्भगृह के सामने विशाल फर्श का निर्माण शुरू होगा
– श्रद्धालुओं को दर्शन में सुविधा मिलेगी
सरयू राय ने विशेष पूजा-अनुष्ठान की पेशकश की है. मंदिर पूर्ण होने पर केबुल टाउन की रौनक लौटेगी और आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ होंगी. क्षेत्रवासियों में उत्साह है.

