
उदित वाणी जमशेदपुर: एक्सएलआरआई प्रबंधन ने पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन बिजनेस मैनेजमेंट (पीजीडीबीएम), पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन फाइनेंस (पीजीडीएफ) और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (पीजीडीएचआरएम) कोर्स की शुरुआत की है. एक्सएलआरआई के डायरेक्टर फादर पॉल फर्नांडिस एसजे ने इसकी शुरुआत की. इस दौरान बताया गया कि कोर्स की अवधि दो साल की होगी. इस कोर्स को नयी शिक्षा नीति को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है. पूरी पढ़ाई वर्चुअल मोड में होगी. दो साल की अवधि वाले कोर्स के तहत पहले साल एक सप्ताह तक सभी विद्यार्थियों को एक्सएलआरआई कैंपस विजिट कराया जायेगा, यहां रख कर उनकी पढ़ाई होगी. इसी प्रकार दूसरे साल भी एक सप्ताह के लिए विद्यार्थियों को एक्सएलआरआई में रख कर ऑफलाइन मोड में पढ़ाई करायी जायेगी. डायरेक्टर फादर पॉल फर्नांडिस एसजे ने पहले बैच में शामिल सभी विद्यार्थियों का संस्थान की ओर से स्वागत किया. उन्होंने कहा कि तकनीक के जरिये वे एक्सएलआरआई लर्निंग प्रोग्राम (एक्सएल) का हिस्सा बन रहे हैं. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये देश के साथ ही दुनिया के विभिन्न हिस्सों के विद्यार्थी एक दूसरे तक न सिर्फ पहुंच सकते हैं, बल्कि बेहतर शिक्षा हासिल कर वैश्विक स्तर पर जिम्मेदार बिजनेस लीडर बन कर देश व दुनिया को दिशा दे सकते हैं. मौके पर डीन फाइनेंस फादर डोनाल्ड डिसिल्वा, एक्सओएल के चेयरमैन संजय पात्रो के साथ ही डीन एकेडमिक्स डॉ पीके पाणी ने सभी सभी विद्यार्थियों को संबोधित किया.
8000 से अधिक आवेदन आये, 108 का हुआ चयन
पहली बार एक्सएल के जरिये तीन नये वर्चुअल कोर्स की लांचिंग की गयी. इस कोर्स के लिए 8000 से अधिक आवेदन आये. सभी की स्क्रूटनी के बाद कुल 3000 आवेदकों का इंटरव्यू लिया गया. इसके बाद अंतिम रूप से कुल 108 उम्मीदवारों का चयन किया गया. इनमें पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (पीजीडीएचआरएम) के कुल 60, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन फाइनेंस (पीजीडीएफ) 26 जबकि पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (पीजीडीएचआरएम) के कुल 22 विद्यार्थी शामिल हैं.
