
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के नीतीबाग कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने एक लैपटॉप की चोरी कर ली. इस संबंध में शुक्रवार को मकान मालिक अभिषेक कुमार सारंग ने थाने में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
भुक्तभोगी अभिषेक कुमार सारंग मूलरूप से रांची के फ्रेंड्स कॉलोनी, कृषि बाजार, पंडरा के रहने वाले हैं और वर्तमान में जमशेदपुर के नीतीबाग कॉलोनी में निवास करते हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि 10 जुलाई की रात करीब 9 बजे वे अपने घर में ताला लगाकर किसी कार्य से रांची गए थे. शुक्रवार यानी 11 जुलाई को दोपहर 3 बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ था. अंदर जाकर देखने पर पाया कि घर में रखा उनका लैपटॉप चोरी हो गया है.
उन्होंने बताया कि अन्य कोई सामान नहीं चोरी हुआ है. चोरी की सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने मकान का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे चोरों की पहचान हो सके.
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि चोरों को घर में किसी की गैरमौजूदगी की जानकारी थी और उन्होंने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया है. फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

