
उदित वाणी, कोलाबीरा : इन दिनों सोशल मीडिया पर एक अनोखा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लंगूर खड़गपुर लोकल ट्रेन में यात्रियों की तरह सफर करता नजर आ रहा है. यह दृश्य न केवल लोगों के लिए हैरान करने वाला रहा, बल्कि मनोरंजन का विषय भी बन गया.
सिल्ली स्टेशन से चढ़ा लंगूर, रांची तक रहा सफर में
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह लंगूर सिल्ली स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ा और बाकायदा एक सीट पर आकर बैठ गया. इसके बाद ट्रेन कई स्टेशनों पर रुकी, लेकिन लंगूर अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ. यात्रियों ने भी उसे परेशान नहीं किया, बल्कि उसके इस शिष्ट व्यवहार को देखकर अचंभित रह गए.
ट्रेन के धीमा होते ही उतरा लंगूर, यात्रियों ने किया वीडियो वायरल
जैसे ही ट्रेन रांची स्टेशन पर धीमी हुई, लंगूर शांति से ट्रेन से उतरा और अपने रास्ते चल पड़ा. इस दौरान यात्रियों की भीड़ बोगी के पास जमा हो गई, जिसने इस असामान्य घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. कुछ ही घंटों में यह वीडियो वायरल हो गया और लोगों ने इसे जमकर सराहा.
लंगूर की सभ्यता देख बोले यात्री– “इससे तो इंसानों को भी सीख लेनी चाहिए”
वीडियो पर लोगों ने दिलचस्प प्रतिक्रियाएं दीं. किसी ने कहा कि अयोध्या जैसे तीर्थ स्थलों पर लंगूर अक्सर परेशान करते हैं, लेकिन इस लंगूर ने अपनी शालीनता से सभी को चौंका दिया. कई लोगों ने इसे “शिष्टाचार में माहिर लंगूर” कहा और इसे इंसानों के लिए एक सीख करार दिया.

