
उदितवाणी,जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव का मुद्दा एक बार फिर ठंडे बस्ते में चला गया है. नैक निरीक्षण कवायद पूरी हो चुकी है और विश्वविद्यालय को निराशाजनक ग्रेड (सी) भी मिल चुका है, ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन अब चुनाव कराने में मूड में नहीं है.
विवि की ओर से पहले घोषणा की गई थी कि नए सत्र के दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदाता सूची कॉलेजवार तैयार कराई जाएगी.
दाखिले की प्रक्रिया कब की पूरी हो चुकी है और 10 जनवरी को स्नातक प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों का पंजीकरण काम भी पूरा हो चुका है. बावजूद इसके न तो कॉलेजों में मतदाता सूची तैयार की गई है और न ही छात्रसंघ चुनाव के लिए बनी कमेटी ने इस दिशा में कोई तैयारी की है. वर्ष 2017 के बाद कोल्हान विवि में छात्रसंघ चुनाव नहीं हुआ है.
पांच साल तक चुनाव नहीं कराने के पीछे विवि कोरोना संक्रमण के अलावा कोई ठोस कारण दे नहीं पाता. क्योंकि कोरोना संक्रमण तो वर्ष 2020 के बाद का कारण हो सकता है, लेकिन इसके पहले भी चुनाव नहीं हो पाए.
कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. पीके पाणी इस मसले पर साफ-साफ कुछ नहीं कहते. उनके मुताबिक छात्रसंघ चुनाव कराने की योजना बनी थी और इसपर काम भी हो रहा था. आगे क्या होगा, इसपर वे साफ कुछ नहीं कहते. गौरतलब हो कि विवि ने अक्तूबर में ही इस बाबत पहल करने की कवायद का एलान किया था, लेकिन ढाई महीने से अधिक गुजरने के बाद भी इसपर अमल नहीं हो पाया है.
छात्रसंघ चुनाव कराने की स्थिति में कोल्हान विवि को इसका वेटेज भी मिलता, लेकिन निरीक्षण तक चुनाव नहीं करने के कारण नैक ने विवि की रैंगिंक सी ग्रेड में कर दी है.
उधर विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ एससी दास ने बताया कि फिलहाल छात्र संघ चुनाव कराना संभव नहीं लग रहा है. इन दिनों लगातार परीक्षाओं का शिड्यूल है. फरवरी माह के अंत तक लगातार स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाएं चलेंगी. उसके बाद मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा आरंभ होगी. इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए कॉलेजों को भी केंद्र बनाया गया है.
ऐसे में चुनाव कराना संभव नहीं होगा. डॉ दास ने बताया कि परीक्षाओं के कार्यक्रमों को देखते हुए आगामी अप्रैल माह के बाद ही छात्र संघ चुनाव कराया जा सकता है. उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर कॉलेजों को इलेक्ट्रॉल रोल तैयार करने का निर्देश दे दिया गया है.

