
उदित वाणी, जमशेदपुर: कोल्हान प्रमंडल के नवपदस्थापित डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा शुक्रवार को पहली बार जमशेदपुर पहुंचे। पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय ने उनका स्वागत किया। इसके पूर्व उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
किस्पोट्टा ने मुख्यालय में अधिकारियों के साथ परिचय सत्र में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने बकरीद त्योहार को लेकर जिले में की जा रही सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए कड़ी निगरानी बरती जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि फ्लैग मार्च, ड्रोन सर्विलांस और शांति समितियों के साथ समन्वय कायम कर त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराया जाए।
बैठक के दौरान डीआईजी किस्पोट्टा ने जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चल रही गतिविधियों की जानकारी भी ली। उन्होंने हाल के दिनों में हुए अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को ठोस और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध पर नकेल कसने के लिए थाना स्तर पर निगरानी मजबूत की जाए, गश्त को प्रभावी बनाया जाए और असामाजिक तत्वों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी सहित जिले के तमाम वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने डीआईजी को जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था, चुनौतियों और पुलिसिंग से जुड़ी प्राथमिकताओं से अवगत कराया।
गौरतलब है कि अनुरंजन किस्पोट्टा को हाल ही में कोल्हान प्रमंडल का डीआईजी नियुक्त किया गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद वे लगातार तीनों जिलों—पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां—का दौरा कर पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने जमशेदपुर में अपनी पहली समीक्षा बैठक की।
डीआईजी किस्पोट्टा ने बैठक के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और पुलिस को आम लोगों के विश्वास के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में पारदर्शिता, जवाबदेही और तत्परता से ही जनसमस्याओं का समाधान संभव है।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।