
उदित वाणी, जमशेदपुर : अपहरण कर मारपीट और कार छीनने के मामले में 20 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी करणदीप सिंह के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है. भुक्तभोगी सीपी क्लब, सोनारी निवासी नरेश कुमार ने बिष्टुपुर थाना और वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. नरेश की कार भी अभी तक बरामद नहीं हो सकी है.
पीड़ित के अनुसार 11 जनवरी की शाम वह अपनी कार संख्या जेएच-05डीडी-9486 को बिष्टुपुर में पार्क कर जुडिओ मॉल जा रहा था. इसी दौरान मोबाइल नंबर 7979810030 धारक करणदीप सिंह उससे बातचीत में उलझा रहा. कुछ ही देर में एक अन्य कार से उसके पांच-छह साथी मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए नरेश को जबरन अपनी कार में बैठा लिया. आरोप है कि कार में उसके साथ मारपीट की गई, जिससे आंख, चेहरा और छाती में गंभीर चोटें आईं.
इसके बाद आरोपित उसे साकची गाढ़ाबासा ले गए, जहां एक कमरे में धमकाकर कोरे कागज पर कार बेचने से संबंधित लिखवाया गया और सादे कागज पर हस्ताक्षर करवा लिए गए. परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी से डरे नरेश ने उनकी बात मान ली. नरेश ने 11 जनवरी को बिष्टुपुर थाना और 14 जनवरी को एसएसपी को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित निराश है.

