
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा में अजय बासा उर्फ झंटू की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी संदीप समेत कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है. शुरुआती पूछताछ में संदीप ने पूरा जुर्म कुबूल कर लिया है. उसके एक मुख्य सहयोगी भारत को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, हत्या की योजना संदीप और भारत ने मिलकर बनाई थी और इसका उद्देश्य तंत्र-मंत्र में सिद्धि पाना था.

पुलिस ने बताया कि संदीप ने अपने दोस्त अजय बासा को सोमवार की रात पार्टी के बहाने केबल टाउन स्थित किराए के कमरे में बुलाया. वहां उसे खिलाने-पिलाने के बाद बेहोश कर एक बड़े बक्से में बंद कर दिया गया. यह बक्सा संदीप और भारत ने उसी दिन बाजार से खरीदा था. इसके बाद बक्से को संदीप के गाढ़ाबासा स्थित घर ले जाया गया, जहां कथित तंत्र-मंत्र की पूजा के दौरान अजय का गला काटकर उसकी हत्या कर दी गई. जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के दौरान अजय के शरीर से निकलने वाला खून पूजा में चढ़ाया गया.
पुलिस ने बताया कि जब अजय को गला काटकर मार दिया गया, तब वह जोर-जोर से तड़प रहा था. इसके बाद अजय को घर से बाहर गली में फेंक दिया गया. पड़ोसियों ने उसे घायल अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. घटनास्थल से पुलिस ने चाकू, बक्सा और पूजा का सामान बरामद किया.
मुख्य आरोपी संदीप ने पूछताछ में यह भी खुलासा किया कि उसने एक साल पहले अजय बासा के पिता की मौत तंत्र-मंत्र के जरिए कराई थी और उसके बाद उनका होटल खरीद लिया था. संदीप का कहना है कि उसने अजय को लंबे समय से अपने वश में कर रखा था और उसकी बलि चढ़ाने की योजना पहले से तैयार थी.
पुलिस ने संदीप के भाई, मां और जीजा को भी हिरासत में लिया है. जांच में यह भी सामने आया कि संदीप के पिता ने कुछ साल पहले आत्महत्या की थी और उसकी बहन की भी संदिग्ध हालात में मौत हुई थी. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही सभी पहलुओं का खुलासा करने का दावा कर रही है. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोग सकते में हैं.

