
उदित वाणी, हैदराबाद: मौजूदा चैम्पियन हैदराबाद एफसी को शनिवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में दोहरा झटका लगा. लीग में टेबल टॉपर्स ने न केवल मौजूदा सीजन की पहली हार का स्वाद चखा बल्कि उसके क्लीन शीट रखने का सिलसिला भी थम गया.
मेजबान टीम को जीएमसी बालयोगी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ग्रीक स्ट्राइकर दिमित्रियोस दिआमंताकोस के गोल से केरला ब्लास्टर्स एफसी ने 1-0 से हरा दिया. ब्लास्टर्स के यूक्रेनी सेंट्रल मिडफील्डर इवान कालिउजनी को मिडफील्ड पर जुझारू प्रदर्शन के लिए हीरो ऑफ द मैच घोषित किया.
अपनी लगातार तीसरी जीत के बाद मुख्य कोच इवान वुकोमानोविक के ब्लास्टर्स अंक तालिका में छठे से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. केरला ब्लास्टर्स के सात मैचों में चार जीत और तीन हार से 12 अंक हो गए हैं.
वहीं, हेड कोच मैनोलो मार्कुएज के मौजूदा चैम्पियनों ने आज आखिरकार हार का स्वाद चख लिया है, लेकिन अपनी पहली हार के बावजूद हैदराबाद एफसी शीर्ष पर बनी हुई है. हैदराबाद एफसी सात मैचों में पांच जीत, एक ड्रा और एक हार से 16 अंक जुटा चुकी है.
न एफसी को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी. कप्तान और उरुग्वे के मिडफील्डर एड्रियन लुना ने अटैकिंग थर्ड से गेंद को चिप करके बॉक्स के अंदर थ्रू-पास डाला. गेंद हैदराबाद की डिफेंस के पीछे से गोल पोस्ट की तरफ आगे बढ़ रही थी कि गोलकीपर अनुज कुमार आगे आकर गेंद को सही ढंग से पंच नहीं कर सके और उनसे रिबाउंड होने के बाद गेंद छह गज इलाके पर गिरी.
दिमित्रियोस ने तेजी से झपटते हुए लेफ्ट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोलजाल में उलझा दिया। इस गोल के साथ ही हैदराबाद का क्लीन शीट रखने का सिलसिला छठे मैच में टूट गया.
पहला हाफ मेजबान टीम के पक्ष में नहीं रहा, क्योंकि केरला ब्लास्टर्स ने सधी हुई फुटबॉल खेलते हुए ना केवल दिमित्रियोस के गोल से बढ़त बनाकर हैदराबाद की क्लीन शीट की उम्मीदों को खत्म कर दिया बल्कि अपने सुसंगठित रक्षात्मक खेल से मेजबानों के हर हमले को पैदा होने से पहले ही खत्म किया.
लिहाजा मेजबानों की तरफ से कोई भी बड़ा हमला बनता नहीं दिखाई दिया. हैदराबाद ने गेंद पर 70 फीसद नियंत्रण जरूर रखा लेकिन उसके तीन शॉट में से एक भी टारगेट पर नहीं था. वहीं, केरला ब्लास्टर्स की तरफ से चार शॉट लगे और दो शॉट टारगेट पर भी थे.
यह दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल में आठवां मुकाबला था और केरला ब्लास्टर्स ने आज चौथी जीत हासिल की है. हैदराबाद के खाते में भी चौथी जीत दर्ज है, जिसमें पिछले सीजन के फाइनल में ब्लास्टर्स पर पेनल्टी शूटआउट के जरिये जीत शामिल है.

