
उदित वाणी जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कीताडीह में चौथी कक्षा के छात्र नवनीत कुमार (13) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। जेवियर पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाला नवनीत सोमवार को अपने घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, नवनीत के हाथ पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका गहरा गई है कि स्कूल में किसी छात्र या अन्य व्यक्ति से उसका झगड़ा हुआ था। मृतक के दोस्तों ने भी विवाद की पुष्टि की है। परिजन का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन को इस विवाद की जानकारी थी, मगर उन्होंने इसकी सूचना परिवार को नहीं दी। इस लापरवाही को लेकर परिजन गुस्से में हैं।
नवनीत के पिता तुलसी कुमार ने बागबेड़ा पुलिस को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि उनका बेटा मानसिक रूप से मजबूत था, ऐसे में आत्महत्या का कदम उठाना संदिग्ध है। परिजनों का मानना है कि चोटों और कथित स्कूल विवाद की गहन जांच किए बिना मामले को आत्महत्या मान लेना उचित नहीं होगा।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि हो सके। उन्होंने कहा कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। स्कूल प्रबंधन, दोस्तों और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। फिलहाल परिजनों ने न्याय की मांग की है, और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सत्य सामने लाया जाएगा।

