
उदित वाणी जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी से 8 अगस्त को बरामद 16 वर्षीय मीनाक्षी का शव मिलने के मामले में परिजनों ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। मृतका मीनाक्षी काशीडीह हाई स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा थी। वह 7 अगस्त की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी।
परिवार की ओर से मीनाक्षी के पिता संतोष कुमार पांडेय ने गोलमुरी थाना में केबुल टाउन निवासी आदर्श और सीतारामडेरा शिव मंदिर के पास रहने वाले विक्की के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि आरोपियों ने मीनाक्षी की हत्या कर उसके शव को स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया।
संतोष पांडेय ने बताया कि 8 अगस्त को स्वर्णरेखा नदी में एक लड़की का शव देखा गया था, जिसकी पहचान उस समय नहीं हो पाई थी। अगले दिन, 9 अगस्त की शाम, परिवार के लोगों ने शव की पहचान मीनाक्षी के रूप में की। पिता का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी उसके स्कूल बैग और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए, जो अब तक बरामद नहीं हुए हैं।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि बेटी के लापता होने की सूचना समय रहते मिलने के बावजूद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण घटना को रोका नहीं जा सका।
पुलिस ने मामले में हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
