
उदित वाणी, जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज के इनोवेशन काउंसिल के तहत बौद्धिक संपदा अधिकार पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया. यूजीसी की गाइडलाइंस के तहत एवं नैक मूल्यांकन में इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता को देखते हुए कॉलेज ने इस कार्यशाला का आयोजन अपने सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों के लिए किया. कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन के रूप में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अकबर अली और वकासुर रहमान ने विद्यार्थियों को बौद्धिक संपदा के बारे में विस्तार से जानकारी दी. कार्यक्रम का आरंभ आईपीआर एक्टिविटी के कोऑर्डिनेटर एवं कॉमर्स फैकल्टी के सदस्य डॉ जाहिद परवेज के संचालन व विषय- प्रवेश से हुआ. इसके बाद डॉ मोहम्मद रियाज ने दोनों अतिथियों का पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर अभिवादन किया एवं स्वागत संबोधन भी दिया.
बौद्धिक संपदा की जरूरत पर जोर
कार्यक्रम में बोलते हुए इनोवेशन काउंसिल की अध्यक्ष डॉ नेहा तिवारी ने काउंसिल की स्थापना एवं उद्देश्य के बारे में जानकारी दी. वकासुर रहमान ने अपने संबोधन में बौद्धिक संपदा की आवश्यकता, प्रकार एवं प्रारूप पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि आज के समय में पेटेंट ट्रेडमार्क और कॉपीराइट बेहद जरूरी चीज हो गई हैं, जिन पर बाकायदा एक्ट बने हुए हैं. नवाचार से जुड़े लोगों को इसकी जानकारी होना अनिवार्य है. वही अकबर अली ने भी बौद्धिक संपदा अधिकार पर चर्चा को आगे बढ़ते हुए उसके महत्व पर रौशनी डाली. कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन छात्र रौनक कुमार ने किया. कार्यशाला में प्रतिभागी के रूप में कॉलेज के कई फैकल्टी मेंबर्स एवं विभिन्न विभागों के छात्र उपस्थित रहे.

