
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के क्रम में पुलिस को एक अहम सफलता मिली है. ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने दो चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमशेदपुर के मानगो निवासी जुनैद फिरोज (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है.
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि हिम्मतनगर स्थित तैलंगी तालाब के पास एक युवक संदिग्ध हालत में एक घर में घुसकर चोरी करने की कोशिश कर रहा है. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए युवक को मौके पर पकड़ लिया और तुरंत इसकी जानकारी कपाली ओपी पुलिस को दी. सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर ओपी लाई गई.
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर कपाली और आसपास के इलाकों में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी का एक साथी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. कपाली ओपी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है.

